क्षेत्र में भरगवंा रोड पर गांव नौसेरा के पास सोमवार की रात घात लगाए बदमाशों ने गांव इटौरा बंजर में रहने वाले विकास दीक्षित से 50 हजार रुपये, बाइक और मोबाइल लूट लिया। घटना की तहरीर थाने में दे दी गई। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
गांव इटौरा बंजर निवासी विकास दीक्षित रात करीब आठ बजे बाइक से घर वापस जा रहे थे। भरगवां रोड पर गांव नौसेरा के पास घात लगाए चार-पांच बदमाशों ने सड़क पर रस्सा लगाकर विकास की बाइक रोक ली। बदमाशों ने असलहा दिखाकर उनसे 50 हजार रुपये, मोबाइल और बाइक लूट ली। इसके बाद बदमाशों ने उनके हाथपैर बांधकर गन्ने के खेत में डाल दिया। मंगलवार की सुबह किसी तरह से हाथपैर खोलकर विकास थाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह लूट करने वाले एक व्यक्ति को पहचानते है। एसओ शाहिद अली ने बताया कि घटना संदिग्ध है। लेनदेन को लेकर लूट का झूठा आरोप लगाया जा रहा है।