नगर के एक धार्मिक स्थल पर शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ कर दी। इससे वहां एक समुदाय के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आस्था के प्रतीक को कब्जे में लेकर उसे पुन: पुराने स्थान पर स्थापित करा दिया।
नगर के मोहल्ला बहिदुल्ला गंज स्थित एक धार्मिक स्थल से तड़के असामाजिक तत्वों ने आस्था के प्रतीक को उखाड़कर एक स्कूल के परिसर में फेंक दिया। लोगों की सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में ले लिया और उसे पुन: वहीं स्थापित करा दिया। इसकी सूचना नगर में आग की तरह फैल गई। इससे वहां भीड़ एकत्रित होने लगी। यह देख पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। कोतवाल रूम सिंह यादव ने भारी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचकर लोगों को शांत किया और आस्था के प्रतीक को पुन: स्थापित करा दिया। इस दौरान पुलिस और नागरिकों के बीच तीखी झड़पें भी हुईं। देरशाम तक काफी संख्या में लोग कोतवाली पर पहुंच गए। इस पर कोतवाल ने लोगों को भरोसा दिलाया कि जांच करने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।