थाना सेहरामऊ दक्षिणी गांव चंदगोई में नवविवाहिता गौतमी की मौत के मामले में सोमवार को आक्रोशित मायके वालों ने एसपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नाराज परिवार वालों ने पोस्टमार्टम हाउस पर हंगामा किया। थाना सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी से लटकना बताई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव नवादा इंदेपुर में रहने वाले श्यामपाल ने अपनी बेटी गौतमी की शादी आठ महीना पहले चंदगोई में रहने वाले रामऔतार के बेटे रामजी से की थी। आरोप है कि दहेज में कार की मांग को लेकर ससुराल वाले गौतमी को प्रताड़ित करने लगे। रविवार की शाम को एक रिश्तेदार के माध्यम से मायके वालों को गौतमी की मौत होने की सूचना मिली थी। परिवार वाले बेटी के घर पहुंचे तो बेटी का शव घर में पड़ा था और ससुराल वाले गायब थे। मामले में श्यामपाल की तहरीर पर पति रामजी, ससुर रामऔतार, सास चंद्रवती, चचिया ससुर अशोक और प्रमोद, देवर छोटू के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। सोमवार को बड़ी संख्या में गौतमी के मायके वाले एसपी कार्यालय पहुंच गए। परिवार वालों ने एसपी से मिलकर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
ससुर समझकर एक व्यक्ति के पीछे दौड़े लोग
पोस्टमार्टम हाउस पर गौतमी के मायके वाले बड़ी संख्या में पहुंच गए। पोस्टमार्टम हाउस के पास से एक व्यक्ति को गुजरते देखकर गौतमी के परिवार वाले उसके पीछे दौड़ पड़े। लोगों ने समझा कि वह गौतमी का ससुर है। जेल के बंदी रक्षकों ने किसी तरह से उस व्यक्ति को बचाया। हंगामे की सूचना पर थाना सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसी तरह से पुलिस ने लोगों को शांत किया।