आंझी शाहबाद-टोडरपुर रेलवे स्टेशन के बीच दो घंटे का ब्लॉक लेकर रेलवे लाइन बदलने का काम किया गया। इससे रनथ्रू उपासना एक्सप्रेस को यहां स्टेशन पर रोक लिया गया। इससे खफा यात्रियों की चालक और गार्ड से बहस हो गई। बाद में यात्रियों ने स्टेशन पर भी शोर-शराबा किया।
डाउन लाइन पर रविवार को आंझी-शाहबाद और टोडरपुर के बीच में साढ़े 11 बजे से डेढ़ बजे तक ब्लॉक लिया गया। इस दौरान वहां पटरी बदलने का काम किया गया। लिहाजा कई ट्रेनों का संचालन करीब दो घंटे तक प्रभावित रहा। इस दौरान रनथ्रू उपासना एक्सप्रेस को 11.30 बजे से 12.15 बजे तक यहां स्टेशन पर रोके रखा गया। स्टॉपेज न होने के बावजूद ट्रेन स्टेशन पर खड़ी हुई तो पहले यात्रियों ने चालक और गार्ड से ट्रेन खड़े होने की वजह जाननी चाही। इस पर चालक ने कहा कि स्टेशन अधीक्षक से जाकर पता कर लो। जब सिगनल होगा, तब ही ट्रेन को आगे बढ़ाया जा सकता है। इसी बात को लेकर यात्री भड़क गए और उन्होंने शोर-शराबा शुरू कर दिया। माहौल बिगड़ता देख चालक ने केबिन बंद कर लिया। काफी देर चीखने-चिल्लाने के बाद यात्री अपनी सीटों पर बैठ गए। ब्लॉक की वजह से गोरखपुर जम्मूतवी अमरनाथ एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर दो पर खड़ा रखा गया। त्रिवेणी एक्सप्रेस को बरेली से ही देरी से छोड़ा गया।