थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला सुभाषनगर में रहने वाले ट्रक चालक अशोक
कुमार के घर से चोरों ने एक लाख रुपये के जेवर और 50 हजार की नगदी चोरी कर
ली। पुलिस ने मामले में चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से सिंधौली क्षेत्र के गांव इंदरखु में रहने वाले ट्रक चालक अशोक कुमार मोहल्ला सुभाषनगर में रामनिवास पाल के मकान में किराए पर रहते हैं। रक्षाबंधन के अवसर अशोक अपने मकान में ताला डालकर पत्नी कीर्ति के साथ अपनी ससुराल हरदोई गए हुए थे। 31 अगस्त को अशोर को मोहल्ले वालों से सूचना मिली कि उनके मकान का ताला टूटा हुआ है। घर आने पर पता लगा कि चोरों ने कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी का लॉकर तोड़कर करीब एक लाख रुपये के जेवर और 50 हजार रुपये की नगदी चोरी कर ली। अशोक ने रुपये टेंपो खरीदने के लिए रखे थे। चोर घर में खड़ी साइकिल भी उठा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन कर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है।