स्कूल बैग मांगने पर कक्षा एक की छात्रा को पीटा
खुटार। स्कूल बैग मांगने पर कक्षा एक की छात्रा को उसके टीचर ने बेरहमी से पीट दिया। छात्रा के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव पिपरिया भागवंत निवासी कमलेश की छह वर्षीय बेटी स्वारथी देवी गांव के ही प्राथमिक स्कूल में कक्षा एक में पढ़ती है। कमलेश के अनुसार स्कूल में मंगलवार और बुधवार को बच्चों को स्कूल बैग बांटे गए थे। उसकी बेटी को बैग नहीं मिला तो उसने स्कूल के एक शिक्षक से बैग दिलाए जाने के लिए कहा। आरोप है कि छात्रा के बैग मांगने से शिक्षक नाराज हो गया और डंडे से पीट दिया।
शिक्षक की पिटाई के बाद छात्रा घर पहुंची तो परिवार के लोगों को घटना का पता चल सका। आरोप है कि शिक्षक से शिकायत करने पर उसने छात्रा के परिवार को ही धमकाना शुरू कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग छात्रा को लेकर गांव सिल्हुआ की प्रधान शशि देवी के पति रामप्रकाश मिश्रा के पास पहुंचे और छात्रा के शरीर पर चोटों के निशान दिखाते हुए कार्रवाई में मदद की मांग की। इसके बाद कमलेश ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। एसओ बिरजाराम ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच दरोगा आरिफ खां को सौंपी गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।