कोर्ट परिसर में शुक्रवार की दोपहर एक उच्चके ने वकील सुरेंद्र त्रिवेदी की जेब से मोबाइल निकाल लिया। शोर मचाने पर भीड़ ने उच्चके को दबोचकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। थोड़ी ही देर में उच्चका वहां से भाग निकला, जिसे पुलिस ने सौ मीटर की दूरी से पुन: पकड़ लिया।
बाडूजई पेशवारी में रहने वाले सुरेंद्र त्रिवेदी कचहरी में प्रेक्टिस करते हैं। दोपहर करीब तीन बजे वह कोर्ट में एक वादकारी की तारीख लेने गए थे। कोर्ट में काफी भीड़ थी। इसी का फायदा उठाकर एक उच्चके ने सुरेंद्र की जेब से मोबाइल निकाल लिया। वकील के पास खड़े किसी व्यक्ति ने उनकी जेब से मोेबाइल निकालते देखकर शोर मचा दिया। लोगों ने दौड़ाकर कचहरी के पश्चिमी गेट के पास उच्चके को पकड़ लिया। पहले तो इकट्ठी हुई भीड़ ने उच्चके की जमकर धुनाई की। इसके बाद उसे थाना सदर बाजार पुलिस के हवाले कर दिया गया। उच्चका वहां से भाग निकला, जिसे पुलिस ने पकड़ लिया।
सुरेंद्र ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा लिखने के लिए तहरीर दे दी है। पूछताछ में पकड़े गए उच्चके ने अपना नाम अजीम निवासी मोहल्ला तारीन टिकली बताया है। उसने बताया कि वह स्मैक पीने का आदी है। लोगों को सामान चुराकर वह स्मैक खरीदकर पीता है।