नगदी, जेवर सहित ढाई लाख रुपये का सामान चोरी
गांव रघुनाथपुर निवासी संजय सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शनिवार रात परिवार के सभी लोग छत पर सो रहे थे। इस दौरान चोर किसी तरह घर में घुस आए और कमरे में रखे नगदी, जेवर और कपड़े के बक्से चोरी कर ले गए। रात में लगभग ढाई बजे बिजली आने पर वह छत से उतरे तो कमरे खुले देखकर चोरी का पता चल सका। शोर मचाने पर गांव के तमाम लोग मौके पर आ पहुंचे और चोरों की तलाश शुरू की। आसपास के गांवों में भी फोन से सूचना दी गई तो लोगों ने तमाम रास्तों पर घेराबंदी कर चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। गांव रघुनाथपुर के बाहर बाग में खाली बक्से और कम कीमत वाले कपड़े आदि पड़े मिले, जबकि कीमती कपड़े, जेवर आदि गायब थे। संजय सिंह के अनुसार चोर 20 हजार से अधिक की नगदी, सोने के ढाले, झुमकी, दो मंगल सूत्र, दो जोड़ी कंगन, कुंडल, अंगूठी, लर, चांदी की दो जोड़ी पायल आदि चोरी कर ले गए। चोर गए सामान की कीमत लगभग ढाई लाख रुपए है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चोरी गए सामान की जानकारी लेकर बाग में मिले बक्से आदि का मुआयना किया। गांव के कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।