सोमवार दोपहर बड़ागांव निवासी मधुकर गुप्ता के पांच वर्षीय पुत्र रामजी गुप्ता का कार सवार बदमाशों ने अपहरण करने की कोशिश की। इस दौरान महिलाओं ने बदमाशों को देखकर शोर मचाया तो आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना पर पुलिस ने मौका मुआयना किया और परिवार के लोगों से पूछताछ की।
मधुकर गुप्ता ने बताया कि सोमवार दोपहर उनके घर से कुछ दूर एक कार आकर रुकी। उसमें से एक युवक उतरा और उनके पुत्र रामजी को खींचकर कार की तरफ ले जाने लगा। इस दौरान घर की महिलाओं ने बदमाश को बच्चे को जबरिया ले जाने की कोशिश करते देखा तो शोर मचा दिया। इस पर आरोपी कार में बैठकर फरार हो गए। कार में कुछ लोग और भी थे। सफेद रंग की कार के शीशे पर त्रिशूल का निशान बना हुआ था।
बच्चे के अपहरण के प्रयास से परिवार में खलबली मच गई। सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी एके सिंह मौके पर पहुंचे और घटनाके बारे में जानकारी ली। मधुकर गुप्ता ने किसी से रंजिश से इंकार करते हुए पुलिस को बताया कि उन्हें किसी पर शक नहीं है। श्री गुप्ता आढ़ती हैं। समझा जाता है कि फिरौती के लिए बच्चे के अपहरण का प्रयास किया गया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि तहरीर पर जांच की जा रही है।