यहां बैड़ा मझेड़ा को जा रही जीप में सवार युवक ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। महिला की ओर से यहां कोतवाली में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। कोतवाली पुलिस के अनुसार मंगलवार की शाम 32 साल की महिला बागेश्वर से बैड़ा मझेड़ा गांव की ओर जा रही जीप में सवार हुई। उसके साथ बैड़ा मझेड़ा निवासी 19 वर्षीय धीरज भट्ट भी बैठा था। पुलिस के अनुसार धीरज ने महिला के साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। बुधवार को महिला ने यहां कोतवाली में धीरज के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई। कोतवाली पुलिस ने धारा 354, 294, 504, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार नामजद युवक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।