थाना सदर बाजार क्षेत्र में मालगोदाम रोड पर तेल टंकी के पास बृहस्पतिवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने रिक्शे पर सवार सर्राफा कारीगर से नगदी और जेवर लूट लिए। विरोध करने पर लुटेरों ने तमंचे की बट से कारीगर सिर फोड़ दिया। घायल अवस्था में सर्राफा कारीगर किसी तरह थाने पहुंचा और बेहोश हो गया। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया और मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
बरेली के बड़ा बाजार क्षेत्र में दिलावर सोने-चांदी की कारीगरी और सप्लाई भी करते हैं। सुबह वह शहर में जेवर सप्लाई करने आए थे। उन्होंने कई दुकानों पर जेवर सप्लाई किया और पेमेंट भी लिया। बताते है कि सदर बाजार मनोज नाम के सर्राफ व्यापारी ने दिलावर को चार लाख रुपये का पेमेंट दिया था। रात करीब पौने नौ बजे दिलावर रिक्शे पर सवार होकर ट्रेन पकडने के लिए स्टेशन जा रहे थे कि रास्ते में तेल टंकी के पास मालगोदाम रोड पर एक बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश ने ओवरटेक करते हुए रिक्शे को रोक लिया। बदमाशों ने पहले तो तमंचे से एक फायर किया और दिलावर के पास से बैग छीन लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने दिलावार के सिर पर तमंचे की बट से कई वार किए जिससे यह गंभीर रूप से घायल हो गया। लुटेरे बाइक पर सवार होकर भाग गए। दिलावर किसी तरह से लडख़ड़ाते हुए थाने पहुंचा और अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। दिलवार ने अर्धबेहोशी हालत में बताया कि उसके बैग में साढ़े चार लाख रुपये और सोने चांदी के जेवर थे। पुलिस ने घटना के बाद इलाके की नाकाबंदी करके लुटेरों का सुराग लगाने के लिए चेकिंग शुरू कर रही है। इंस्पेक्टर जेपी तिवारी के मुताबिक घायल कारीगर का इलाज कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।