जनसंपर्क के दौरान वाहन पर पत्थर फेंककर शीशा तोड़ने के आरोप में भाजपा नेत्री रागिनी सिंह ने शनिवार को बसपा विधायक, उनके बेटे व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ निगोही थाने में आईपीसी की धारा 147, 149, 427, 452, और 506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई। फिर देरशाम सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने के सामने समर्थकों संग धरने पर बैठ गईं। देर शाम पुलिस ने जांच का आश्वासन देकर धरना समाप्त करा दिया। भाजपा नेत्री की ओर दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार शनिवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे वह कस्बे में जनसंपर्क कर रहीं थीं। इनकी ओर से विधायक के भ्रष्टाचार संबंधी पंपलेट भी बांटे जा रहे थे। उसी दौरान विधायक के इशारे पर एक रेस्टोरेंट के पास रागिनी की गाड़ी पर पत्थर फेंका गया, जिससे उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया। उस दौरान अनिल सिंह, राजीव यादव और संतोष मौर्य के ललकारने पर आरोपी मौके से भाग गए। देर शाम पुलिस ने इस मामले में तीन दिन में जांच कर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस पर भाजपा नेत्री ने धरना खत्म कर दिया। एसओ रजी अहमद ने बताया कि उन्होंने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की है। जांच की जा रही है। जांच के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर विधायक रोशनलाल वर्मा ने कहा कि उन्हें इस घटना की कोई जानकारी नहीं है। क्योंकि बताए जा रहे समय पर यह शाहजहांपुर शहर में बसपा के जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में थे।