सड़क हादसे में अज्ञात बोलेरो की चपेट में आकर मौत का शिकार हुए किसान के परिवार वालों ने हत्या की आशंका जताई है, जिस कारण काफी समय तक ऊहापोह की स्थिति बनी रही। आखिर में पुलिस ने परिवारजनों की तहरीर लेकर शव को अपने कब्जे में पोस्टमार्टम कराने के लिए भेज दिया।
सूत्रों के मुताबिक, खुदागंज थाना क्षेत्र के गांव शहजादपुर निवासी 20 वर्षीय जसबीर सिंह यादव बृहस्पतिवार को साथी किसानों के साथ अपना धान बेचने के लिए पीलीभीत जनपद के बीसलपुर गए थे। शाम को धान बेचने के बाद वह अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली से लौट रहा था। तभी खनंका पुल के पास लघु शंका के लिए सभी ने ट्रैक्टर रुकवाया। लघु शंका के बाद सड़क पार यह ट्रॉली की ओर आ रहा था तभी अज्ञात बोलेरो ने उसे जोर की टक्कर मारी और निकल गई। मौके पर ही इसकी मौत हो गई। रात को साथी किसानों ने उसके दरवाजे पर ट्रॉली छोड़ दी, जिसमें जसबीर की लाश पड़ी थी। सुबह परिवारजनों ने ट्रॉली में उसका शव देखा तो कोहराम मच गया। बाद में सारी बात सामने आई, लेकिन मृतक के पिता राधेश्याम समेत परिवार के अन्य सदस्यों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से न्याय की गुहार की। थाना प्रभारी इफ्तेखार अहमद के अनुसार, शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की विवेचना होगी।
हादसे में बच्ची की मौत
सिंधौली। थाना क्षेत्र के गांव नगला लधौली निवासी सात वर्षीया कुसुमा बीती शाम अपने दादा तौले सिंह के साथ साइकिल से घर लौट रही थी। पुवायां-सिंधौली मार्ग पर लघुशंका के लिए दादा ने साइकिल रोकी तो बच्ची सड़क पर खड़ी रही। तभी वहां से तीव्र गति से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। उसे गंभीर हालत में पहले शाहजहांपुर जिला अस्पताल पहुंचाया गया और फिर वहां से बरेली के एसआरएमएस अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।