बिजली की अघोषित कटौती से नाराज भाकियू कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पुवायां के बिजली उप केंद्र पर प्रदर्शन कर धरना दिया। इस दौरान मौके पर पहुंचे एसडीओ गौरव शर्मा को ज्ञापन भी सौंपा।
शुक्रवार सुबह से ही तमाम किसान भाकियू (अराजनैतिक) के जिलाध्यक्ष अजीत सिंह के नेतृत्व में बिजली उप केंद्र पर पहुंचे और नारे लगाने के बाद धरने पर बैठ गए। जानकारी पाकर एसडीओ गौरव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर किसानों से वार्ता की। इस दौरान एसडीओ को दिए ज्ञापन में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने हर गांव मेें 18 घंटे बिजली देने के निर्देश दे रखे हैं, लेकिन गांवों को मात्र तीन घंटे ही बिजली दी जा रही है। इससे फसलें सूखने के कगार पर हैं। बिजली का बिल पूरा आ रहा है। जर्जर तार और पुराने ट्रांसफार्मरों के कारण समस्या और बढ़ गई है। उधर, नभीची और जमुनिया फीडर के किसानों ने बताया कि उन्हें हफ्ते में तीन दिन बिजली मिल रही है और तीन दिन कटौती की जा रही है, इससे किसान बेहद परेशान हैं। एसडीओ को किसानों को बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा। इसके बाद समस्या निस्तारण के लिए तीन दिन का समय देकर धरना समाप्त कर दिया गया। धरना स्थल पर अनिल सिंह यादव, संजीव अवस्थी, जागीर सिंह, मुनब्बर खां, बलकार सिंह, विजय बहादुर, मुनेश कुमार, गुरदयाल सिंह सहित तमाम किसान मौजूद रहे।