दोनों पक्षों की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट
भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में दो भाजपा नेताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। बाद में दोनों पक्षों ने हवाई फायरिंग भी की। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बृहस्पतिवार को बंडा के सरस्वती शिशु मंदिर में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई गई थी। बैठक के दौरान सेक्टर संयोजक शंकर सिंह ने विस्तारक समितियों के चुनाव को लेकर अपनी बात रखी। इसी दौरान किसी बात पर भाजपा नेता राजेश सिंह ने उनका विरोध किया तो विवाद शुरू हो गया और दोनों केे बीच जमकर लात घूंसे चले। बैठक में आए कार्यकर्ताओं ने उन्हें बमुश्किल अलग किया। इसके बाद बैठक स्थगित कर दी गई।
शुक्रवार को भाजपा नेता कृपाल सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दोनों पक्षों को बैठाकर समझौता कराने का प्रयास किया, लेकिन बात नहीं बनी। दोपहर बाद दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए और गालीगलौज करने लगे। इसके बाद दोनों ओर से हवाई फायरिंग शुरू हो गई, इससे भगदड़ मच गई। किसी तरह मामला शांत होने के बाद दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंचे और तहरीर दी। राजेश सिंह की ओर से शंकर सिंह, संतकुमार सिंह, बलराम सिंह, संजय सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है, जबकि शंकर सिंह ने राजेश सिंह, भारत सिंह, अवनीश सिंह, विवेक सिंह पर गाली गलौज करने, जान से मारने की धमकी देने और फायरिंग करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।