स्टेशन के पीछे डभौरा गांव के पास सोमवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी सरताज अहमद से तमंचे की नोक पर 50 हजार रुपये लूट लिए। बदमाश उनसे ब्योरा वाला खाता और चाबियों का गुच्छा भी छीन ले गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पड़ताल शुरू कर दी। लुटेरों की तलाश में दबिश जारी है।
गांव डभौरा में रहने वाले सरताज अहमद की नगर पालिका मार्केट में कादरी ज्वैलर्स के नाम से सोने -चांदी की दुकान है। सोमवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे दुकान बंद करने के बाद वह अपने भाई मेराज और जामा के साथ बाइक पर सवार होकर घर के लिए निकले। तिलहर स्टेशन के पास बनी रेलवे क्रासिंग के पार करने के बाद ही एक बाइक पर सवार दो बदमाश उनके पीछे लग गए। बदमाशों ने दो बार सरताज की बाइक को ओवरटेक किया। तीसरी बार जैसे ही उनकी बाइक उनके आवास वाले मुहाने पर मुड़ी तभी बदमाशों ने अपनी बाइक सरताज की बाइक के आगे लगा दी। पहले उन्होंने बैग पर झपट्टा मारा लेकिन छीन नहीं सके। गुत्थमगुत्थी के दौरान बदमाशों ने तमंचा लगा दिया फिर रुपयों वाला बैग छीन लिया। बदमाश बाइक से गुलचंपा रेलवे क्रासिंग पार करते हुए हाईवे की तरफ फरार हो गए। सूचना पाकर पुलिस उनके आवास पहुंची तो सरताज ने बताया कि बैग में 50 हजार रुपये नगद, दुकान की चाबी और बही खाते थे। बदमाश काले रंग की बाइक पर सवार थे और दोनों की उम्र 25 से 30 के बीच की बताई जा रही है। पुलिस ने तुरंत अपने मुखबिरों को इलाके में सक्रिय लुटेरों और जेल से हाल में छूटे दागियों की तलाश में जुटा दिया है।