साइबर सेल के दो सिपाहियों पर शनिवार रात रोडवेज बस स्टैंड के पास कुछ युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। उन्हें सड़क पर गिराकर पीटा गया। घटना से इलाके में भगदड़ मच गई। आसपास के दुकानदार दुकानें बंद कर भाग गए। इसी बीच क्राइम ब्रांच सेल की स्वॉट टीम के प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनके तीन साथी भाग गए। सदर बाजार थाना पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा डालने आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
एसपी कार्यालय में साइबर सेल में तैनात सिपाही विजयवीर सिंह अपने साथी सिपाही अजय चौधरी के साथ सर्विलांस के जरिए कुछ अपराधियों की तलाश में शनिवार रात लगभग दस बजे रोडवेज बस स्टैंड के पास पंजाबी रसोई होटल के पास खड़े थे। पास में ही दो बाइक लिए पांच-छह लोग खड़े थे। आरोप है कि दोनों सिपाहियों को देखकर इन लोगों ने गालीगलौज करते हुए बाइक की डिग्गी से लोहे की रॉड निकाल ली और उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने सिपाही विजयवीर को पकड़कर सड़क पर गिरा लिया और गर्दन पर पैर रखकर उसे बेरहमी से पीटने लगे। घटना से इलाके में भगदड़ मच गई। सिपाहियों को पिटता देख आसपास के दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर भाग गए।
इसी बीच अचानक क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम के प्रभारी क्रांतिवीर सिंह अपने सहयोगियों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने दोनों सिपाहियों को हमलावरों के चंगुल से बचाया और घेराबंदी करके थाना निगोही क्षेत्र के गांव बनासदेवी निवासी राजा उर्फ अखिलेश, थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोहल्ला पक्का तालाब, गली नंबर चार निवासी निवासी वैंकटेश मिश्रा, आवास विकास कॉलोनी निवासी आशीष पांडेय को दबोच लिया, जबकि इनके तीन साथी भाग गए। सदर बाजार थाना पुलिस ने सिपाही विजयवीर सिंह की तहरीर पर अखिलेश, वैंकटेश, आशीष और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पढ़े-लिखे हैं हमलावर
सिपाहियों के साथ मारपीट करने के मामले में गिरफ्तार बनासदेवी गांव निवासी राजा उर्फ अखिलेश और पक्का तालाब निवासी वैंकटेश एसएस कॉलेज से लॉ कर रहे हैं, जबकि आवास विकास कालोनी निवासी आशीष बरेली से बीबीए कर रहा है।
नादानी में फंस गए बेचारे
सिपाहियों के साथ मारपीट में गिरफ्तार युवकों ने बताया कि पंजाबी रसोई होटल के पास कुछ लोग झगड़ रहे थे, वे तो सिर्फ बीचबचाव करने गए थे। इतने में सादा कपड़ों में दोनों सिपाही वहां आ गए और गालीगलौज करने लगे। जब उन लोगों ने विरोध किया तो सिपाहियों ने हाथ चला दिया। इसी पर मारपीट हो गई। उन्हें यह नहीं पता था कि वे पुलिस में हैं। पता होता तो उनसे नहीं उलझते।
सिपाहियों पर जानलेवा हमला करने वालों के खिलाफ हत्या की कोशिश आदि धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। उनके साथियों की तलाश की जा रही है।
- डीसी शर्मा, इंस्पेक्टर थाना सदर बाजार।