फायरिंग व मारपीट में तीन घायल, मची अफरा तफरी
हाइवे पर तीव्रगति से बाइक चला रहे युवको के बीच हुई कहासुनी व मारपीट के बाद घर आने पर दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे के घरों पर बोले गए हमलों के दौरान हुई फायरिंग व मारपीट में तीन युवक घायल हो गये। दोनो पक्षों की ओर से किए गए हमलों से मोहल्लों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर पहुंचे कोतवाल व पुलिस बल ने दोनों पक्षों के कुछ युवको को पकड़ लिया है।
बताते हैं कि शनिवार शाम शाहजहांपुर से तिलहर के मोहल्ला घेरचौबा निवासी शिवांग अपने चार साथियों के साथ दो बाइको से तिलहर आ रहा था। इसी दौरान तिलहर के मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी दानिश अपने कुछ साथियों के साथ दो बाइको से तिलहर आ रहे थे। बंथरा स्थित रूहेलखंड अस्पताल के समीप दोनों पक्षों की तेज गति से आ रही बाइकें आपस में टकरा जाने के कारण कहासुनी हो गई। बताते हैं कि कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट भी हो गई। एक दूसरे को देख लेने की धमकी देकर दोनों पक्ष तिलहर आ गए।
मोहल्ला कच्चा कटरा के दानिश का कहना है कि घर आने पर जब घरवालों को यह बात पता लगी तब वह मोहल्ला घेरचौबा में जाकर शिकायत करने पहुंचे। इस दौरान लोग हमलावर हो गए। उधर घेरचौबा के शिवांग व अन्य लोगों ने बताया कि दानिश के घर के तमाम लोग असलाह आदि लेकर घरों में घुस गए तथा मारपीट व फायरिंग करके दो लोगों को घायल कर दिया।
दानिश का आरोप है कि उसके परिवार वाले जब घर चले आए तभी कुछ देर बाद घेरचौबा के कुछ लोगों ने मोहल्ले में आकर हम लोगों के यहां हमलावर हो गए तथा फायरिंग कर दी, जिससे तौहीद घायल हो गया। घटना के बाद दोनों मोहल्लों के लोगो में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है। घायलों का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है।
कोतवाल दया चंद्र शर्मा ने कहा कि किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती है जो भी दोषी है उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।