हत्या कर शव गंगा नदी में फेंकने का आरोप
हरदोई के शाहबाद क्षेत्र के मोहल्ला सैय्यदवाड़ा निवासी शिवम ने एसपी सिटी को दिए पत्र में आरोप लगाया कि कलान के दो युवकों ने उसके भाई की हत्या करके गंगा नदी में फेंक दिया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित की शिकायत पर एसपी सिटी ने जांच के आदेश दिए हैं।
शिवम ने एसपी सिटी को दिए पत्र में बताया कि उसकी बहन डिंपल कलान पीएचसी पर एएनएम के पद पर कार्यरत हैं। उसके साथ पीएचसी में बने आवास पर छोटा भाई 22 वर्षीय अंकित रहता था। अंकित की पड़ोस के दो लड़कों से दोस्ती हो गई थी। इसमें से एक लड़के की बहन अंकित से बातचीत कर लेती थी। यह बात उस लड़के को अच्छी नहीं लगती कि क्योकि अंकित जाति से बाल्मीकि था। जब वह वह लोग सामान्य जाति के थे। बीती 15 जून को डिंपल की ड्यूटी टीकाकरण में गांव बिरिया गरैली में लगी हुई थी। अंकित उसे छोड़कर पीएचसी के आवास पर आ गया था। दिन में करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाले दोनों दोस्त अंकित को बाइक पर गंगा नदी में नहाने के बहाने ले गए और उसकी हत्या करके नदी में फेंक दिया। बदायूं क्षेत्र में थाना उसहैत पुलिस ने अटैना घाट के पास अंकित को नदी से निकलवाया और उसावां पीएचसी दिखाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर डिंपल भी उसावां पीएचसी पहुंच गई। पुलिस के कहने पर डिंपल ने परिवार वालों को बुला लिया और अपने साथ हरदोई ले गए और उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक के भाई ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।