खुटार के महुरैया क्षेत्र में कई वर्ष से चल रहे जमीनी विवाद में रविवार को कांता, लाठी चलने से 15 लोग घायल हो गए। पांच लोगों की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
नगर के मोहल्ला बगियानाथ निवासी कृष्णकुमार आदि ने बताया कि महुरैया क्षेत्र में उनकी जमीन है, जिस पर वह लोग काबिज हैं। इस भूमि पर कुछ लोगों ने फर्जी पट्टे करा लिए थे जो बाद में खारिज हो गए। मामला न्यायालय में विचाराधीन है, जिसमें यथास्थिति के आदेश हैं। रविवार को दूसरे पक्ष के लोगों ने खीरी जनपद से अपने रिश्तेदारों को बुलवा लिया और जमीन पर कब्जा करने की नीयत से झोपड़ी डालने लगे। विरोध करने पर कांता, लाठी से हमला कर दिया। हमले में विष्णु, नीरज, सरोजनी, कृष्णकुमार, रमेश, सुनीता देवी, अनीता देवी, गोदावरी आदि घायल हो गए।
उधर, मोहल्ला लखपेड़ा निवासी दूसरे पक्ष के लोगों का आरोप है कि उनकी भूमि पर दूसरे लोगों ने झोपड़ी आदि डालकर कब्जा कर रखा है। रविवार को वह लोग खेत पर पहुंचे तो मड़ैया डाले लोगों ने हमला कर गंभीर घायल कर दिया। इस पक्ष से परमिला देवी, राजकुमार, लालबहादुर, रूदल प्रसाद, अनुज कुमार, नारायण, सुभवती घायल हुए हैं। पहले पक्ष के विष्णु, नीरज और दूसरे पक्ष के राजकुमार, लालबहादुर, परमिला देवी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। एसओ राजेश सिंह ने बताया कि दोनों ओर से तहरीर मिल गई है। जांच की जा रही है। रिपोर्ट दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।