नकली नोटों के साथ एक जालसाज गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
मदनापुर। कांट के रावतपुर नखासा बाग में नकली नोट देकर ग्रामीण को चपत लगा चुके जालसाज को ग्रामीण ने अपने साथियों की मदद से शुक्रवार दोपहर बरुआ पट्टी सनायक नखासा बाजार में पकड़ लिया। उसकी ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान उसका एक साथी भाग गया। बाद में ग्रामीणों ने उसे पुलिस को सौंप दिया। उसके पास से पुलिस को 34 हजार तीन सौ के नकली नोट मिले हैं।
थाना कांट क्षेत्र के मथुरापुर गांव निवासी दरियाय ने बताया कि बुधवार को उसने रावतपुर नखासा बाजार में 15 हजार रुपये में एक जानवारबेचा था। जब वह रुपये लेकर घर पहुंचा तो पता चला कि उसके पास जो नोट हैं वे नकलीं हैं। उसने पुलिस को जानकारी देने के साथ ही जालसाज की तलाश शुरू कर दी। शुक्रवार को वह बरुआ पट्टी सनायक नखासा बाग मेें दिखाई दे गया। वह एक व्यक्ति से जानवर खरीद का सौदा कर रहा था, तभी दरियाय भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए और उसे पकड़ लिया। उन लोगों ने उसकी वहीं पिटाई शुरू कर दी। किसी ने मामले की जानकारी थाना पुलिस को दे दी। थानाध्यक्ष ओमप्रकाश गौतम पुलिस टीम के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से दो हजार के 16 और पांच सौ के तीन व सौ रुपये के आठ नोट बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम रामचंद्र निवासी शाहजहांपुर पुवायां मोड़ बताया। रामचंद्र के पास से मिले नोट नकली बताए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष ने नोटों को भी कब्जे में ले लिया और फिर इन नोटों को बैंक में ले जाकर चेक कराया तो नकली नोट बताए गए हैं।