बोलेरो सवार चार बदमाशों ने रविवार को पशु व्यापारी से तमंचे के बल पर 92 हजार की नगदी लूट ली और चलती कार से व्यापारी को धकेलकर सीतापुर की ओर फरार हो गए। इस घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। सीओ सदर अखिलेश भदौरिया और प्रभारी निरीक्षक यतेंद्र भारद्वाज ने पीड़ित से पूछताछ कर नाकेबंदी भी कराई, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी।
घटना सुबह करीब नौ बजे की है। आरसी मिशन क्षेत्र के फत्तेपुर रेती निवासी मो. वाहिद पशु व्यापारी और डेयरी संचालक हैं। मो. वाहिद ने पुलिस को बताया कि रविवार की सुबह वह रोजा थाना क्षेत्र के बाईपास से एक बोलेरो पर मैगलगंज भैंस खरीदने के लिए सवार हुए थे।
वाहिद के अनुसार जब रोजा क्षेत्र के बरतारा के आगे कार पहुंची, तभी पीछे बैठे दो बदमाशों ने कनपटी पर तमंचा लगा दिया। इसके बाद एक बदमाश ने तहमद के नीचे अंडरवियर में बनी जेब में रखे 92 हजार रुपये निकाल लिए और पिटाई करने के बाद जलालपुर के पास राजमार्ग पर चलती कार से धकेलकर फरार हो गए।
पीड़ित वाहिद ने थाना रोजा में सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक यतेंद्र भारद्वाज, एसआई बिरजाराम, एसआई तेजपाल सिंह की टीमें हाईवे पर दौड़ीं। जगह-जगह नाकेबंदी भी कराई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। लूट की घटना से महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ सदर अखिलेश भदौरिया भी मौके पर पहुंच गए मातहतों को गाइड लाइन देते रहे, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। कार में दो अन्य यात्री भी बताए गए हैं, जिनसे कोई लूट नहीं की गई है, फिर भी पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जा रही है।
- यतेंद्र भारद्वाज, प्रभारी निरीक्षक रोजा
बदमाशों का केंद्र बिंदु है हरदोई बाईपास और बरेली मोड़
राजमार्ग पर सवारी बनाकर लूटने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार गंतव्य तक पहुंचने का इंतजार कर रहे लोगों के साथ घटनाएं हो चुकी हैं, जिसका केंद्र बिंदु आरसी मिशन का हरदोई चौराहा और कोतवाली क्षेत्र का बरेली मोड़ है। यहां से सीधे आवागमन के लिए यात्रियों को वाहनों की प्रतीक्षा करनी पड़ती है। बदमाश इन्हीं स्थानों से बोलेरों में सवार होकर यात्रियों को जल्दी पहुंचाने का झांसा देकर बैठा लेते हैं और रोजा क्षेत्र में इन्हें लूटकर फरार हो जाते हैं। पूर्व घटनाओं से साफ है कि बदमाश सीतापुर न जाकर जेबीगंज होते हुए पिहानी का रूट तय करके हरदोई अथवा बरबर मार्ग होते हुए खीरी जिले में आसानी से चले जाते हैं। इस कारण राजमार्ग पर पुलिस बैरियर ही लगाती रह जाती है। पहले भी पुलिस ऐसे कई मामलों का खुलासा कर चुकी है, जिसमें अधिकतर बदमाश कांट, सेहरामऊ दक्षिणी, पिहानी, मोहम्मदी, हरदोई और खीरी क्षेत्र के निकले हैं, लेकिन कभी पुलिस ने बरेली मोड़ अथवा हरदोई चौराहे पर चल रहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान नहीं चलाया, जिससे उसकी नीयत पर भी संदेह होने लगा है।