भावलखेड़ा (शाहजहांपुर)। थाना आरसी मिशन के मोहल्ला दलेलगंज में रहने वाले फ्लोर मिल के एक सेल्समैन से मिल मालिक ने बंधक बनाकर मकान का बैनामा करा लिया। पीड़ित और उसका पिता रविवार को रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थानों की चक्कर लगाता रहा। शाम को रोजा पुलिस ने तहरीर ले मामले की जांच कर कार्रवाई की बात कही है। आरोप है कि पूरे मामले में एक विधायक की भूमिका भी है। ऐसे में पुलिस कार्रवाई से बच रही है।
दलेलगंज के रहने वाले रामकुमार गुप्ता ने रोजा थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि उनका बेटा ओम गुप्ता सदर बाजार के बहादुरगंज में रहने वाले एक फ्लोर मिल मालिक की चक भिटारा स्थित मिल में सेल्समैन है। आरोप है कि दो मई को रात्रि करीब आठ जे उनका बेटा वसूली करने के बाद मिल मालिक की आढ़त पर रुपये जमा करने गया था। वहां मिल मालिक ने 45 लाख रुपये के गबन का आरोप लगाते हुए बेटे को बंधक बना लिया। विरोध करने पर मारपीट की और अगवा कर अपने फ्लोर मिल ले गया। अगले दिन उनके बेटे को चिनौर स्थित एक विधायक के आवास पर ले जाया गया। यहां मिल मालिक ने फोन करके उनको और उनकी पत्नी सीमा को बुलाया। उनसे कहा कि ओम गुप्ता ने 45 लाख का गबन किया है। या तो रुपये दो नहीं तो मकान की रजिस्ट्री कराओ। चार मई को मिल मालिक ने मकान की जबरन रजिस्ट्री करा ली। बैनामा कराने के बाद पांच लाख रुपये रामकुमार के बैंक खाते में जमा किए। बाद में यह रकम अपने खाते में ट्रांसफर कर ली। उसका आरोप है कि मिल मालिक को एक विधायक का संरक्षण प्राप्त है। लिहाजा पुलिस कुछ नहीं कर रही है।
पीड़ित पक्ष रविवार को तहरीर लेकर आरसी मिशन थाने पहुंचा। यहां से मामला रोजा थाने का कह कर टरका दिया गया। एसओ आरसी मिशन जय शंकर सिंह का कहना है कि मामला रोजा थाने का है। इधर, इंस्पेक्टर रोजा सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि मामला आरसी मिशन थाने का है। तहरीर मिली है। इसकी जांच की जा रही है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। तहरीर में किसी विधायक का नाम नहीं लिखा गया है।