फोटो-21,शाहजहांपुर पोस्टमार्टम हाउस पर बैठे मृतक धर्मपाल के पिता वेदराम
युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या
शराब के नशे में गली में तमंचा लिए घूमता रहा
फिर खुद के सीने पर रखकर दाग ली गोली
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर/सेहरामऊ दक्षिणी।
थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव कैलहा में सोमवार शाम एक युवक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मौके से तमंचा कब्जे में लेने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम को भेजा है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के मुताबिक वह शराब पीने का आदी था और झगड़ालू प्रवृत्ति का भी था।
गांव कैलहा निवासी 35 वर्षीय धर्मपाल उर्फ चुन्ना सोमवार शाम 5:30 बजे शराब के नशे में गांव पहुंचा और लोगों को गालियां देने लगा। उसकी आदत के बारे में लोग वाकिफ थे, इसलिए उससे कोई बोला नहीं। कुछ देर बाद वह घर के अंदर गया और 315 बोर का तमंचा निकाल लाया और लहराते हुए गली में घूमने लगा, एक महिला सामने आई तो उसकी तरफ तमंचा तान दिया लेकिन वह भाग गया। इसके बाद उसने तमंचा सीने पर रखा और फायर कर दिया। गोली उसके सीने के बीचोबीच लगकर दाहिनी कमर की तरफ से निकल गई। फायर की आवाज सुनकर पत्नी सुनीता खून से लथपथ पति के पास पहुंची तो उसकी मौत हो चुकी थी। इसके लोगों की मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से 315 बोर का तमंचा मय खोखा कारतूस के बरामद करने के साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता वेदराम ने बताया कि वह बेटे से अलग रहते थे। बेटे ने आत्महत्या क्यों की इसके बार में उन्हें नहीं मालूम। वहीं पत्नी ने पुलिस को बताया कि पति शराब पीने के आदी थे और इसी वजह से उनका दिमागी संतुलन ठीक नहीं था। मृतक के पांच बच्चे हैं। जिनमें सबसे बड़ी बेटी काजल 12 वर्ष की है और सबसे छोटा बेटा पांच वर्ष का है।
--------
धर्मपाल उर्फ चुन्ना झगड़ालू किस्म का था और घटना के समय उसने शराब पी रखी थी। परिवार गांव वालाें ने बताया कि वह शराब पीने का आदी था। इसी वजह से उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
आरबी सिंह, थानाध्यक्ष सेहरामऊ दक्षिणी