रात के समय हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले गिरोह का जलालाबाद पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए बृहस्पतिवार रात दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि सरगना अपने एक साथी के साथ फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए लोगों के पास से चोरी किया हुआ तेल व तेल चोरी करने के उपकरण, कार, तमंचा आदि सामान बरामद किया है। एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि थाना जलालाबाद पुलिस टीम बृहस्पतिवार रात क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में गश्त पर थी। मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि एक गिरोह जो सड़क किनारे खडे़ वाहनों से तेल चोरी करता है। उस गिरोह के सदस्य राजाराम इंटर कॉलेज के पास एक सफेद रंग की स्टीम कार के अंदर बैठकर तेल चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर कार की घेराबंदी की, तो कार में बैठे गिरोह के सदस्यों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो लोग अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। पकड़े गए लोगों ने पूछताछ में अपना नाम संदीप सक्सेना, शिवम अवस्थी निवासी शाहमतगंज गौंटिया थाना सदर बाजार कोतवाली बताया। पकड़े गए लोगों से एक स्टीम कार, एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा, तेल चोरी के उपकरण पाइप, सरिया, एक चाकू, पांच प्लास्टिक केन, 15 लीटर डीजल एक केन भरा बरामद किया। शाहमतगंज गौटिया निवासी गिरोह का सरगना अंकुर मिश्रा अपने साथी मोहल्ला जलालनगर निवासी विकास उर्फ लाल के साथ हभाग गया।
इस तरह करते थे तेल चोरी
गिरोह के लोग एक वाहन में अपने साथ तेल के लिए केन, तेल चोरी के उपकरण आदि साथ रखते हैं। रात में हाइवे किनारे खडे़ वाहनों के किनारे अपना वाहन खड़ा कर ट्रक व टैंकर आदि के टैंक का ताला तोड़ कर पाइप के जरिये तेल चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।
टैंकर से भी तेल कर चुके हैं चोरी
इसी गैंग के सदस्यों ने जलालाबाद क्षेत्र में ही क्रांति मोहन पेट्रोल पंप पर एक टैंकर से तेल चोरी की घटना को भी स्वीकार किया है। इस संबंध में थाना जलालाबाद में रिपोर्ट दर्ज है।