तिलहर (शाहजहांपुर)। नगर के मुख्य बाजार विरियागंज चौराहे के समीप 11 हजार केवी विद्युत लाइन का खंभा नीचे से गले होने के कारण अचानक भरी बाजार में टूट कर गिर गया। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। खंभा टूटने से बाजार में अफरा-तफरी मच गई। एक व्यापारी नेता ने तत्काल फोन करके सप्लाई बंद कराई। बाद में आए कर्मचारियों ने विद्युत पोल को वेल्डिंग करके ठीक किया।
यहां बता दें कि नगर में तमाम स्थानों पर लगे विद्युत पोल गले हुए हैं। विद्युत उपखंड अधिकारी व जूनियर इंजीनियर के मुख्यालय पर न रहने के कारण सब कुछ राम भरोसे चल रहा है। मंगलवार को शाम बाजार विरियागंज चौराहे के समीप एचटी लाइन का पुल नीचे गला होने के कारण अचानक बीच सड़क पर जैसे ही गिरा नगर पालिका की बिजली सप्लाई की केबिल से अचानक रुक गया। पोल के टूटने से आने जाने वाले लोगों में भगदड़ मच गई। विद्युत पोल टूटते ही तत्काल व्यापारी नेता हितेश गुप्ता उर्फ रिंकू ने अधिशासी अभियंता को फोन पर घटना की जानकारी दी और सप्लाई बंद कराकर कर्मचारियों को तत्काल मौके पर बुलाया। कर्मचारियों ने विद्युत पोल को नीचे से वेल्डिंग करके जोड़ा उसके बाद सप्लाई शुरू हो सकी।