हादसों में टेंपो चालक की मौत, सात लोग घायल
मीरानपुर कटरा/जैतीपुर (शाहजहांपुर)। नेशनल हाईवे पर कटरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम करीब पांच बजे कार ने टेंपो को टक्कर मार दी। इससे टेंपो चालक की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। उधर, जैतीपुर क्षेत्र में शाम करीब छह बजे बाइकों की भिड़ंत में दो युवक घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवार हेलमेट नहीं पहने थे।
मीरानपुर कटरा क्षेत्र के गांव वीरमपुर निवासी 50 वर्षीय जलालुद्दीन शुक्रवार शाम करीब पांच बजे टेंपो में कटरा से यात्रियों को लेकर तिलहर जा रहे थे। कुछ दूर चलने के बाद रास्ते में चालक ने पेट्रोल पंप पर टेंपो में तेल डलवाया और वह टेंपो नेशनल हाईवे पर जैसे ही लाया, तभी बरेली की ओर से आ रही कार ने टेंपो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो नेशनल हाईवे पर पलट गया। इस घटना में चालक जलालुद्दीन की टैंपो के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गांव खिरिया सकटू निवासी 60 वर्षीय संजीदा, 48 वर्षीय बेबी पत्नी पप्पू हसन, उसकी चार वर्षीय बेटी सरुखा, दो वर्षीय बेटी शाबीना, फर्रुखाबाद निवासी सुनील गुप्ता, गांव सराय लुहानी निवासी 35 वर्षीय अनीता पत्नी ओमप्रकाश घायल हो गईं। सूचना पर पुलिस ने घायलों को तिलहर स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, कार को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। इस हादसे में मृतक टेंपो चालक की पत्नी रशीदा, बेटा 22 वर्षीय इमरान, 18 वर्षीय बेटी सोनी, 17 वर्षीय रिजवान, 15 वर्षीय रेहान, 13 वर्षीय गुलफाम का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर, जैतीपुर क्षेत्र के गांव गौहावर निवासी 22 वर्षीय देवेंद्र पुत्र कृष्णपाल अपने दोस्त 28 वर्षीय मनोज पुत्र नंदराम के साथ जैतीपुर से घरेलू सामान लेकर बाइक से वापस घर जा रहा था, तभी कस्बे में बहगुल नदी के पुल के निकट फतेहगंज पूर्वी की तरफ से तेज रफ्तार आ रही बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे दोनों देवेंद्र और मनोज घायल हो गए, जबकि दूसरी बाइक का चालक बाइक छोड़कर भाग गया। घटना के बाद कुछ देर को जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को जैतीपुर सीएचसी पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई गई है। परिजनों ने बाइक पुलिस के सुपुर्द कर दी है। देवेंद्र के भाई विनोद ने मामले की तहरीर दी है। दूसरी बाइक बदायूं की बताई गई है। डॉ. यासीन ने बताया कि घायलों का उपचार किया जा रहा है। हालत में मामूली सुधार है।