विकास खंड जलालाबाद की ग्राम पंचायत गुनारा में प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में लाभार्थियों के चयन में ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव पर धांधली का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। उन्होंने इस बात पर नाराजगी जताई कि लगातार शिकायतें करने के बावजूद तहसील स्तर के अधिकारी और कर्मचारी आवास आवंटन की जांच करने के बजाय भ्रष्टाचारियों का बचाव कर रहे हैं। बाद में उनका शिष्टमंडल एडीएम फाइनेंस से मिला और उन्हें डीएम के नाम ज्ञापन देकर नए सिरे से आवास आवंटन किए जाने की मांग की।
गुनारा निवासी फजरुद्दीन, करन गुप्ता, सौरभ सिंह, गौरीशंकर, राजीव कुमार आदि ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में उन्हीं ग्रामीणों को आवास स्वीकृत किए गए, जिन्होंने गांव से लेकर ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को 30 से 35 हजार रुपये सुविधा शुल्क दिया। गांव में करीब 13 साल से तैनात पंचायत सचिव मो. इलियास और ग्राम प्रधान मोहर्रम अली से शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान पुत्र के इशारे पर पंचायत सचिव ने मनमाने तरीके से आवास आवंटित किए हैं। उन्होंने इस प्रकरण में जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराए जाने की मांग की है।