तगादा करने पर गोली मार कर किया घायल
घायल को भेजा गया जिला अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
बंडा।
पांच सौ रुपये की उधारी के तगादे को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव ररुआ निवासी छोटेलाल ने बताया कि गांव के ही माखनलाल वर्मा के पुत्र पप्पू ने दिवाली पर उससे एक हजार रुपये उधार लिए थे। कई बार तगादा करने पर पप्पू ने उसके यहां मजदूरी कर पांच सौ रुपये अदा कर दिए, लेकिन शेष पांच सौ रुपये अभी तक वापस नहीं किए थे। सोमवार को सुबह नौ बजे छोटेलाल ने पप्पू से तगादा किया, जिस पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
शोर होने पर दोनों के परिवार के लोग भी मौके पर आ पहुंचे। छोटेलाल का आरोप है कि पप्पू ने जान से मारने की नियत से उस पर तमंचे से फायर कर दिया, गोली बाजू में लगने से वह गंभीर घायल हो गया। छोटेलाल को गोली लगते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग मौके से भाग निकले। छोटेलाल को बंडा के सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, लाठी लगने से घायल पप्पू अपने साथी रामवीर के साथ थाने पहुंचा तो पुलिस ने उसे थाने में बिठा लिया। एसओ तेजपाल सिंह ने बताया कि छोटेलाल की तहरीर मिली है। दोनों आरोपी हिरासत में हैं। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।