पति के दोस्त ने किया महिला का यौन शोषण, रिपोर्ट दर्ज
पति से संबंध सामान्य कराने का झांसा देकर बनाए संबंध
गर्भवती होने पर महिला से कही गर्भपात कराने की बात
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। पति-पत्नी के बीच संबंध सामान्य कराने का झांसा देकर एक युवक महिला का लंबे समय तक यौन शोषण करता रहा। महिला गर्भवती हो गई तो युवक ने उससे गर्भपात कराने के लिए कहा। इस पर दोनों के बीच विवाद हो गया। एसपी के आदेश पर कोतवाली चौक पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
कोतवाली चौक इलाके की एक कॉलोनी में रहने वाली एक महिला की उसके पति से अनबन हो गई थी। इसके बाद से पति-पत्नी अलग-अलग रह रहे थे। महिला अकेली रह रही थी। महिला का आरोप है कि इस दौरान उसके पति का दोस्त रजनीश गुप्ता उसके संपर्क में आया। उसने पति से सुलह कराने की बात कहकर नजदीकियां बढ़ा लीं। काफी समय तक महिला की उसके पति से सुलह नहीं हुई तो रजनीश ने उसे शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद उससे शारीरिक संबंध बनाने लगा। इससे महिला गर्भवती हो गई। महिला का कहना है कि गर्भवती होने के बाद करीब डेढ़ महीने पहले उसने रजनीश से शादी के लिए कहा। इस पर उसने शादी से इंकार कर दिया और गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाया। महिला ने एसपी केबी सिंह से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसपी ने चौक कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आदेश दिया। महिला की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी रजनीश के खिलाफ दुष्कर्म और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
वर्जन-
महिला की तहरीर पर संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। महिला अनुसूचित जाति की है। ऐसे में इस मामले में जांच सीओ स्तर से होगी। आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।
-अशोक पाल सिंह, इंस्पेक्टर कोतवाली चौक