शाहजहांपुर। थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला तारीन गाड़ीपुरा निवासी अमित जाटव की मौत के मामले में पुलिस ने मृतक के पिता विनोद की ओर से पिता-पुत्रों सहित छह लोगों के खिलाफ हत्या आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं घटना को लेकर तनाव की स्थिति को देखते हुए मोहल्ले में पुलिस भी तैनात कर दी गई है।
विनोेद जाटव ने दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उनका 30 वर्षीय बेटा अमित जाटव 12 अक्तूबर की शाम छह बजे सब्जी लेने जा रहा था, तभी रास्ते में उसके बेटे को मोहल्ले के ही चंदू ने अपने भाई कुल्हड़ व पिता राहत अली और कल्लू व मौसीम, राशिद के साथ मिलकर घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई की, इससे उसको गंभीर चोटें आईं। अगले दिन शाम 5:30 बजे वह दवा लेने पुत्तूलाल चौराहे पर जाने की बात कहकर निकला, इसके बाद वह देर शाम तक घर नहीं लौटा। उसकी कई जगह तलाश की, लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चला। 18 अक्तूबर को कुछ लोगों के जरिये जानकारी मिली कि तम्मी खां के ईंट भट्ठे के पास हिंदुस्तान ढाबा के पीछे एक युवक की लाश लटकी मिली है। लाश को देखा तो यह उसके बेटे की लाश थी। पिता ने बताया कि उसे शक है कि उसके बेटे की इन्हीं लोगों ने हत्या कर दी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। वहीं मोहल्लेे में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स लगा दिया गया। शुक्रवार को स्थिति सामान्य थी।