शाहजहांपुर। फर्रुखाबाद की फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद शहर के हिस्ट्रीशीटर बॉर्डर और उसके दो साथियों के खिलाफ मिष्ठान भंडार के स्वामी ने सोमवार को रंगदारी मांगने की रिपोर्ट सदर थाने में दर्ज कराई है। आरोप है कि बॉर्डर पांच वर्षों में उससे कई लाख रुपये वसूल चुका है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने बॉर्डर के दो साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र में टाउनहाल स्थित आर्य मिष्ठान भंडार के स्वामी सत्यप्रकाश आर्य ने एसपी को दिए गए पत्र में बताया कि खलील गर्वी निवासी हिस्ट्रीशीटर सुहेल खां उर्फ बॉर्डर जो मौजूदा समय में शहर निवासी जुग्गन की हत्या के मामले में फतेहगढ़ सेंट्रल जेल में बंद हैं, उसने जेल के अंदर रहते हुए कॉल करके उसे धमकाते हुए कई बार रंगदारी में रुपये व मिठाई मांगी। बॉर्डर के फोन आने के बाद उसकी दुकान पर खलील गर्वी निवासी सत्तार उर्फ लाले अपने साथी महमंद जंगला निवासी साजिद अंसारी उर्फ मगोड़ा व अन्य अज्ञात लोगों के साथ दुकान पर आते और उससे व उसके मैनेजर से मिठाई व नकद रुपये ले जाते रहे। पीड़ित ने बताया कि आठ अक्तूबर को सुबह 9:45 बजे बॉर्डर ने जेल से फोन करके कहा कि मै सत्तार उर्फ लाले को भेज रहा हूं, इन्हें रुपये व मिठाई दे देना। थोड़ी देर बाद लाले व साजिद अज्ञात लोगों के साथ दुकान पर आए और सुहेल उर्फ बॉर्डर का नाम लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए दुकान में काउंटर से 25 हजार रुपये और तीन किलो मिठाई जबरन लेकर चले गए।