शाहजहांपुर। ओडिशा में आए हाहाकारी फैनी तूफान में शाहजहांपुर के भी कई परिवार संकट से जूझ रहे हैं। पिछले दो दिन से उनके परिवार वाले लगातार फोन पर संपर्क साधे हुए हैं और ईश्वर से उनकी कुशलता की कामना कर रहे हैं।
शहर के मोहल्ला लाला तेली बजरिया निवासी आशुतोष मिश्रा पारादीप स्थित इफ्को फर्टिलाइजर्स में कर्मचारी हैं। वह पत्नी साधना और बेटे विभम के साथ फैक्टरी की टाउनशिप में रह रहे हैं। अमर उजाला से उनकी शुक्रवार देर शाम बात हुई। आशुतोष ने पहले तो मोबाइल के माध्यम से लगभग 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहे फैनी तूफान की वीडियोकॉलिंग के माध्यम से विनाशलीला दिखाई। इसमें तमाम भवनों की छतें, टीनशेड, बसें आदि नष्ट होते दिख रही हैं। वीडियो से विनाशकारी तूफान का अंदाजा लगाया जा सकता है। आशुतोष बताते हैं कि शाहजहांपुर में उनके छोटे भाई अवधेश मिश्र से बराबर संपर्क बना हुआ है। इसके अलावा सीतापुर, कानपुर आदि से रिश्तेदारों के भी बराबर फोन आ रहे हैं। वह बताते हैं कि सबसे अधिक नुकसान भुवनेश्वर और पुरी में हुआ है।
आशुतोष मिश्र ने बताया कि उनके साथ शाहजहांपुर के ही मोहल्ला चारखंभा निवासी खुशीराम, मिशन स्कूल फील्ड के पास से प्रतोष शुक्ला, गर्रा पुल के समीप रहने वाले सुभाष चंद्र, मीरानपुर कटरा के राजपाल, कांट के गुरमेल सिंह, राज कुमार, पुवायां से सुरेंद्र यादव, पिपरोला के मुकेश वर्मा, वीर बहादुर, सुकेश, अशोक, तिलहर के राम सिंह, उमेश चंद्र, निगोही के संतोष मौर्या आदि भी हैं। इन सभी के परिजन बराबर फोन पर संपर्क किए हुए हैं। फिलहाल वह सभी सुरक्षित हैं और ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।