शाहजहांपुर। क्राइम ब्रांच और परौर पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार देर शाम गांव रठेली में रामगंगा नदी कटरी में दो लोगों को गिरफ्तार कर अवैध शस्त्र बनाने की चल रही फैक्टरी का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान दो लोग पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में कुछ तमंचे, पौनिया और तमंचा बनाने के उपकरण भी बरामद किए हैं। एएसपी ग्रामीण सुभाष चंद्र शाक्य ने एसपी कार्यालय में घटना का खुलासा किया है।
एएसपी ग्रामीण ने बताया कि रविवार देर शाम क्राइम ब्रांच और परौर पुलिस की संयुक्त टीम वांछित अपराधियों की तलाश में थी। तभी मुखबिर के जरिये सूचना मिली कि गांव रठेली के पास रामगंगा नदी किनारे कटरी में कुछ लोग अवैध शस्त्र बना रहे हैं। इस पर पुलिस टीम ने कटरी में घेराबंदी कर अवैध शस्त्र बना रहे थाना रोजा के गांव पिलखना निवासी प्रकाश और अहमदनगर निवासी गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया, जबकि थाना रामचंद्र मिशन क्षेत्र के मोहल्ला रेती निवासी मुनक्के और बदायूं के अखठगांव निवासी माली पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गए। पकड़े गए लोगों के पास से पुलिस ने पांच तमंचा, पांच पौनिया, चार तमंचा व पौनिया अधबने हुए और तमंचा बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।