निगोही (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र में हमजापुर चौराहे के निकट ऑनलाइन वर्ड कंप्यूटर सेंटर के शटर का ताला तोड़कर चोर करीब चार लाख का माल चुराकर ले गए। सूचना पर सीओ सदर ने मौके पर जाकर जांच की और थाना इंचार्ज को रिपोर्ट दर्ज कर घटना का खुलासा करने को कहा। सेंटर मालिक की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
थाना क्षेत्र के गांव गिरगिचा निवासी दीपक सिंह की कस्बे के हमजापुर चौराहे के निकट तिलहर मार्ग पर ऑनलाइन वर्ड नाम से कंप्यूटर सेंटर है। शनिवार शाम करीब 6 बजे दीपक सेंटर पर लगे शटर का ताला बंद कर घर चला गया था। रविवार सुबह शौच के लिए खेत पर जा रहे ग्रामीणों ने शटर का ताला टूटा देख सेंटर मालिक को सूचना दी। कुछ ही देर में दीपक मौके पर पहुंच गए और शटर को उठाकर देखा तो अंदर सामान गायब देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ की। दीपक सिंह ने पुलिस को बताया कि चोर 6 लैपटॉप, एक एलसीडी सहित डेस्कटाप, आधार मशीन की किट दो, पीबीसी मशीन, प्लास्टिक कार्ड प्रिंटिंग मशीन समेत करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। घटना की जानकारी होने पर सीओ सदर अरुण चंद्र मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने थानाध्यक्ष सुनील शर्मा को टीम गठित कर एक सप्ताह में हुई चोरियों का खुलासा करने के निर्देश दिए। सेंटर मालिक दीपक की तहरीर पर पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी।