फोटो-27,ठगों को पकड़े जाने की सूचना पर गांव मलिका में बैंक ऑफ बड़ौदा के बाहर लगी भीड़
फोटो-28,गांव मलिका में ठगों के बारे में जानकारी लेती पुलिस
फोटो-29,गोदावरी: जिनकी जमीन पर फर्जीवाड़ा कर लिया जा रहा था कर्ज
फर्जीवाड़ा कर कर्ज निकालने आए चार लोग पकड़े
दूसरी महिला का फोटो लगाकर किया था आवेदन
शुक्रवार को बैंक प्रबंधक ने पकड़ा, आरोपियों ने दी धमकी
अमर उजाला ब्यूरो
खुटार।
दूसरी महिला की जमीन पर फर्जीवाड़ा कर बैंक से बतौर कर्ज पांच लाख रुपये निकालने वाले चार लोगों को बैंक प्रबंधक ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। इस दौरान ठगों ने बैंक प्रबंधक को कई नेताओं का नाम लेकर खूब धमकाया और बैंक में जमकर हंगामा किया।
बंडा के गांव पट्टी छज्जूपुर निवासी नंदलाल की तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी है। नंदलाल के नाम की छह एकड़ जमीन उनकी पत्नी गोदावरी के नाम दर्ज हो गई। गोदावरी के कोई पुत्र नहीं है। छह पुत्रियां हैं, जिनकी वह शादी कर चुकी हैं। गोदावरी ने बताया कि बंडा निवासी एक व्यक्ति और पट्टी छज्जूपुर का रवि खुद को बैंक मित्र बताते हैं। दोनों ने उसका बैंक खाता खुलवाने के लिए छह माह पहले आधार कार्ड लिया था। उक्त ने उसके आधार कार्ड का उपयोग कर उसकी जमीन पर बंडा क्षेत्र के ही एक बैंक से फर्जी रूप से कर्ज लेने का प्रयास किया। जानकारी होने पर उसने बैंक में सूचना दी तो कर्ज फाइल निरस्त कर दी गई।
इसके बाद रवि, रवि के एक साथी और पुवायां के मोहल्ला कसभरा निवासी नरेशचंद्र गुप्ता, बंडा के गांव आलमपुर पिपरिया निवासी रामनरेश ने मिलकर गोदावरी की भूमि के कागज लगाकर और बंडा के गांव नटिउरा निवासी जगपाल की पत्नी पार्वती का फोटो लगाकर खुटार के गांव मलिका की बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा से पांच लाख रुपये का फसली ऋण लेने के लिए आवेदन कर दिया। बैंक अधिकारी को गोदावरी की भूमि पार्वती ने अपनी बताते हुए मुआयना भी करा दिया। इस बीच बैंक प्रबंधक हर्ष शर्मा ने पार्वती से बैंक खाता खुलवाने को कहा तो पार्वती का अंगूठा गोदावरी के आधार कार्ड से मैच नहीं होने पर प्रबंधक को शक हो गया और उन्होंने गोदावरी की जमीन की फिर से जांच कराई।
उधर, गोदावरी को मामले की जानकारी हुई तो वह शुक्रवार को अपने दामाद प्रमोद कुमार के साथ बैंक पहुंची और बताया कि वह कोई कर्ज नहीं ले रही हैं। इस बीच फर्जीवाड़ा करने वाले रवि, नरेशचंद्र और रामनरेश अपने साथी को लेकर बैंक पहुंच गए। प्रबंधक के पूछताछ करने पर चारों खिसकने को हुए तो प्रबंधक ने बैंक का चैनल बंद करा दिया। ठगों ने बैंक प्रबंधक को अपने उच्च संपर्कों की धमकी देकर छोड़ने को कहा और हाथापाई भी कि, लेकिन प्रबंधक ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। इस दौरान गांव के भी तमाम लोग मौके पर आ पहुंचे और प्रबंधक को आश्वस्त किया कि ठग हाथापाई का प्रयास करेंगे तो वह लोग ठगों को पीट देंगे। गांव के लोग बैंक से कुछ दूर घेराबंदी किए खड़े रहे। इस बीच पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को थाने ले गई। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
00
बैंक प्रबंधक ने दी तहरीर
खुटार। बैंक ऑफ बड़ौदा की मलिका शाखा के प्रबंधक हर्ष शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि पुवायां के नरेशचंद्र, आलमपुर के रामनरेश, पट्टी छज्जूपुर के रवि विश्वकर्मा गोदावरी के नाम से पांच लाख रुपये का लोन कराने आए थे। कुछ देर बाद वास्तविक गोदावरी देवी पहुंची और बताया कि उनके नाम से फर्जी लोन कराया जा रहा है। प्रबंधक की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस की हिरासत में चार लोग हैं, लेकिन रिपोर्ट तीन के ही खिलाफ दर्ज हुई है।
00
प्रधान की फर्जी मोहर भी लगाई
खुटार। गांव पट्टी छज्जूपुर की प्रधान शबाना अपने पति फुरकान के साथ खुटार थाने पहुंची और बताया कि कर्ज पत्रावली पर उनकी फर्जी मोहर और हस्ताक्षर बनाए गए हैं। प्रधान ने भी रिपोर्ट दर्ज कराए जाने की मांग की है।