तिलहर (शाहजहांपुर)। करीब दो माह पहले राजनपुर मार्ग पर जहर खुरानी करके बदमाशों द्वारा लूटी गई पिकअप को पुलिस ने कन्नौज जिले से बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बृहस्पतिवार को आरोपी कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया।
थाना कांट के गांव मदरौली निवासी वीरसिंह का भांजा आलोक कुमार 18 जनवरी को पिकअप तिलहर से राजनपुर मार्ग होकर कांट आ रहा था। इसी दौरान पिकअप के बैठे कुछ लोगों ने उसे जहरखुरानी का शिकार बना कर आलोक को सड़क के किनारे डालकर पिकअप लूट कर फरार हो गए थे। घटना की रिपोर्ट मामा वीरसिंह ने तिलहर थाने में दर्ज कराई थी।
थाने के एसआई सुशील कुमार विश्नोई ने घटना की जांच पड़ताल के दौरान पता चली कि बदमाश पिकअप को लूटकर कन्नौज ले गए थे। 22 फरवरी को कन्नौज की तहसील तिर्वागंज में लगने वाले पशु बाजार में पिकअप को स्थानीय पुलिस ने छह लोगों के साथ पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में दो युवक तिलहर के पाए गए। इसमें नगर के मोहल्ला निजाम गंज निवासी राम शरण गंगवार का पुत्र मोहित गंगवार और नगर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी अताउल्लाह का पुत्र ईशान मोहम्मद शाह पकड़ा गया। बकौल पुलिस इन दोनों युवकों ने तिलहर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी लाला राम के पुत्र मिथुन कुमार को भी घटना में शामिल होना बताया।
एसआई सुनील विश्नोई के अनुसार बदमाशों की निशानदेही पर बृहस्पतिवार को सुबह 11 बजे मिथुन कुमार को बहादुरगंज स्थित उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया गया और लूटी गई पिकअप को तिर्वागंज से तिलहर थाने ले आया गया है। मिथुन का डॉक्टरी परीक्षण कराकर उसे जेल भेज दिया गया है।