बंडा में हालात सुधरे, फोर्स की वापसी शुरू
बुधवार को दर्ज की गई एक और रिपोर्ट
अफवाह फैलाने के एक आरोपी की हुई गिरफ्तारी, भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
बंडा। बंडा में हालात सामान्य हो जाने के बाद फोर्स की वापस शुरू हो गई है। बुधवार को पीएसी की एक कंपनी वापस लौट गई। उधर बुधवार को पुलिस ने एक और रिपोर्ट दर्ज की है।
आरएएफ और स्थानीय पुलिस अभी अपने तैनाती स्थलों पर मौजूद हैं। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने के आरोप में पुलिस ने बंडा के मोहल्ला ब्रजपाल नगर निवासी दीपांशु को बुधवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बाजार में बुधवार को भी काफी भीड़ रही और लोगों ने जरूरत के अनुसार खरीदारी की। बाजार में तमाम जगहों पर विवाद की चर्चा रही, लेकिन ज्यादा चर्चा इस बात की रही कि मामला शांत हो जाने के बाद अब पुलिस, प्रशासन की रणनीति क्या रहेगी।
एसडीएम और सीओ बुधवार को भी नगर और देहात क्षेत्र में भ्रमण पर रहे और लोगों से बातचीत कर हालात का जायजा लेते रहे। बंडा एसओ तेजपाल सिंह ने जांच की बात कहते हुए पुलिस कार्रवाई की ज्यादा जानकारी नहीं दी।
... अब बचाव के लिए भागदौड़ शुरू
नामजद लोग कर रहे नेताओं से सिफारिश
बंडा। बवाल शांत होने के बाद अब विभिन्न रिपोर्टों में नामजद कराए गए लोगों ने बचाव के लिए भागदौड़ शुरू कर दी है। कई लोगों ने नेताओं के यहां डेरा डाल दिया है।
बंडा में हुए बवाल के मामले में अब तक दर्ज रिपोर्ट की संख्या आठ पहुंच गई है। लोगों की ओर से दर्ज विभिन्न रिपोर्टों में कुल 55 लोग नामजद कराए गए हैं और 122 लोग अज्ञात में दर्ज हैं। जबकि पुलिस की ओर से दर्ज रिपोर्ट में 150 लोगों को नामजद और सात सौ अज्ञात पर एफआईआर है। रिपोर्ट में नामजद होने की जानकारी के बाद तमाम लोग गिरफ्तारी के डर से भूमिगत हो गए हैं, जबकि कई लोगों ने नेताओं की शरण ली है और खुद के निर्दोष होने की दुहाई दे रहे हैं।