खुदागंज (शाहजहांपुर)। ताहरपुर गांव में मंगलवार शाम गेहूं कटाई के दौरान कंबाइन से गिरकर घायल हुए चालक सनी की बरेली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान बुधवार सुबह मौत हो गई। बरेली में पोस्टमार्टम कराकर शव गांव लेकर पहुंचे परिजन ने कंबाइन मालिक पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजन ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने व गिरफ्तारी की मांग को लेकर रोड जाम करने की चेतावनी दी। इस पर पुलिस ने कंबाइन मालिक को हिरासत मेें ले लिया है। वहीं कंबाइन मालिक का कहना है कि सनी खुद कंबाइन चलाते समय नीचे गिरकर घायल हो गया था।
गांव सुराही निवासी सुखवीर सिंह ने बताया कि गांव ताहरपुर निवासी कृष्णपाल ने गेहूं की कटाई के लिए कंबाइन चलाने के लिए उसके बेटे 18 वर्षीय सनी को रख लिया था। मंगलवार शाम को कंबाइन मालिक बेटे को गेहूं कटाई के लिए बुला ले गए। देर शाम सूचना मिली कि बेटा कंबाइन की चपेट में आकर घायल हो गया है। गंभीर अवस्था में उसे बरेली अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने इलाज के दौरान बुधवार सुबह दम तोड़ दिया। कंबाइन मालिक कृष्णपाल का कहना है कि उस पर गलत आरोप लगाया जा रहा है। सनी खुद कंबाइन चलाते समय नीचे गिर गया था। थानाध्यक्ष राजेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई होगी।