रेल ट्रैक जाम करने वाले किसान नेताओं की पहचान
शाहजहांपुर। गोविंदगंज रेल क्रॉसिंग पर ट्रैक जाम कर अप-लाइन रूट की ट्रेनों का संचालन ठप करने के मामले में कई किसान नेताओं की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। जांच में जुटी आरपीएफ ने कई नेताओं की पहचान कर ली है। देर-सबेर गिरफ्तारी भी हो सकती है। रेल ट्रैक जाम करने का यह मामला दिसंबर 2017 का है। ट्रैक जाम होने से अप-डाउन लाइन की कई ट्रेनें करीब 40 मिनट तक खड़ी रहीं।
भारतीय किसान यूनियन भानु गुट ने मांगों को लेकर 15 दिसंबर 2017 को गोविंदगंज रेल क्रॉसिंग पर अप-डाउन लाइन जाम कर ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया था। कार्रवाई को लेकर पहले तो मामला आरपीएफ और सदर बाजार कोतवाली के बीच फंसा रहा। बाद में आरपीएफ ने भाकियू जिलाध्यक्ष महेंद्रपाल सिंह यादव को नामजद करते हुए 300 अज्ञात लोगों के खिलाफ रेल एक्ट की धारा 147, 154 और 174 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। मामले में जांच एसआई अमित कुमार को सौंपी गई। वर्तमान में जांच नरवीर सिंह कर रहे हैं। इस मामले में 300 से ज्यादा अज्ञात आरोपियों की पहचान बड़ी मुश्किल बनी हुई है। लंबित विवेचनाओं के जल्द निस्तारण को लेकर मुख्यालय का भी दबाव है। ऐसे में विवेचना तेज हो गई है। रेल ट्रैक जाम करने वाले कई किसान नेताओं की पहचान हो चुकी है। इनकी गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है। एसआई नरवीर सिंह ने बताया कि विवेचना जल्द पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर दी जाएगी।