बैंक प्रबंधक सहित पांच पर हत्या की रिपोर्ट
फिरोजाबाद से आए मायके वालों ने दहेज में कार मांगने का लगाया आरोप
26 अप्रैल 2016 को हुई थी शादी, 25 लाख खर्च किया था बेटी के विवाह में
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर।
थाना सदर क्षेत्र के मोहल्ला बहादुरगंज में बैंक प्रबंधक अभिषेक सिंह को ब्याही मिताली उर्फ सोनम की शुक्रवार शाम हुई संदिग्ध हालात में मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के पिता की ओर से पति सहित पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। मृतका के एक सात माह की बेटी पिहू भी है। पुलिस ने सास को हिरासत में ले लिया है।
बेटी की मौत की खबर सुनकर फिरोजाबाद के थाना शिकोहाबाद के मोहल्ला बड़ा बाजार से आए पिता पृथ्वीनाथ अपने रिश्तेदारों के साथ जब यहां रात लगभाग12:35 बजे पहुंचे तो सोनम के ससुराल वालों उसकी मौत बीमारी से होनी बताई। इस पर पिता ने कहा कि जब बेटी बीमार थी तो उन्हें इसकी सूचना क्यों नहीं दी गई। मायके वालों के हंगामा काटने पर ससुराल वाले धीरे-धीरे खिसक लिए, जबकि सास बबिता घर में ही मौजूद रहीं। इसके बाद पीड़ित पिता ने मामले की तहरीर सदर बाजार कोतवाली पुलिस को दी। तहरीर में बताया कि उसने बेटी मिताली उर्फ सोनम की शादी 26 अप्रैल 2016 को यहां थाना सदर बाजार कोतवाली क्षेत्र में जेल रोड स्थित मोहल्ला बहादुरगंज निवासी रामनरेश सिंह के बेटे अभिषेक सिंह के साथ की थी। अभिषेक बैंक ऑफ बड़ौदा में प्रबंधक के पद पर है। शादी में उसने दहेज में 15 लाख रुपया नकद, 250 ग्राम सोने-चांदी के जेवर व गृहस्थी का सारा सामान दिया था। उसने शादी में कुल 24 लाख रुपया खर्च किया था। लेकिन इसके बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। दहेज में कार की मांग को लेकर बेटी मिताली के साथ ससुर रामनरेश, सास बबिता, पति अभिषेक सिंह, ननद सुदेश, देवर अजिशेख बेटी के साथ मारपीट करने लगे। उसे शुक्रवार शाम सात बजे फोन से सूचना मिली कि ससुराल वालों ने उसकी बेटी को मार दिया है। पीड़ित पिता ने बेटी की पीठ पर चोटों के निशान भी बताए हैं। सदर पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सदर बाजार इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने बताया कि मृतका का पति सीतापुर रोड स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा की ग्रामीण शाखा बरकतपुर में प्रबंधक के पद पर तैनात है।