शाहजहांपुर/ तिलहर। निगोही थाना क्षेत्र के गांव पिपरिया खुशहाली में 35 वर्षीय संतोष कुमार ने मायके से पत्नी के नहीं आने पर रविवार रात गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले वह तमंचा लेकर आत्महत्या की धमकी देता रहा, लेकिन किसी ने उसके इरादे पर यकीन नहीं किया। डर की वजह से किसी ने उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटाई। यूपी 100 को सूचना दी गई लेकिन पुलिस नहीं आई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव पिपरिया खुशहाली निवासी 35 वर्षीय संतोष कुमार जन्माष्टमी पर पत्नी नीता व तीन मासूम बच्चों को लेकर पीलीभीत के थाना गजरौला क्षेत्र के गांव सरदहा स्थित ससुराल गया था। उसी दिन शाम को उसने ससुराल मे शराब पीने को कहा तो उसका ससुर से विवाद हो गया। इसके बाद वह अपने घर लौट आया। पत्नी मायके में ही रुक गई। तीन दिन पहले वह उसकी विदा कराने गया, लेकिन वह साथ नहीं आई। रविवार को संतोष के पिता ताराचंद्र और मां सुशीला व पड़ोसी बलराम और उसकी पत्नी भी नीता का बुलाने उसके मायके गईं लेकिन मायकेवालों ने उसे नहीं भेजा। रात करीब नौ बजे उसने तमंचा उठाया और सास-ससुर का नाम लेकर गाली-गलौज कर आत्महत्या की धमकी देने लगा। घरवालों ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने उन पर ही तमंचा तान दिया। घरवालों ने यूपी100 पर पुलिस को सूचना दी, लेकिन पुलिस नहीं आई। रात लगभग 10 बजे उसने सीने में तमंचे से खुद को गोली मार ली। नतीजतन उसकी मौके पर मौत हो गई। हालांकि घटना के बाद परिजन उसे निगोही थाने ले गए, जहां से उसे सीएचसी भेज दिया गया। वहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।