कुर्रिया कला (शाहजहांपुर)। चोरों ने शुक्रवार रात गल्ला व्यापारी की दुकान में नकब लगाकर हजारों की लागत का गल्ला चोरी कर लिया। सुबह जानकारी होने पर गल्ला व्यापारी ने घटना की तहरीर चौकी पुलिस को दी है।
कांट-चौहनापुर मार्ग स्थित कुर्रिया कलां पुलिस चौकी से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित मोहन मार्केट में चोरों ने गल्ला व्यापारी सियाराम गुप्ता की दुकान में पीछे की दीवार की ईंटें निकाल ली और 34 बोरा गेहूं 22 बोरा तिल, छह बोरा उरद, तीन कट्टा (बोरी) सरसों, दो बोरा मक्का के चुरा ले गए। दुकान मालिक ने पुलिस चौकी को घटना की तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय कुंभ मेला की वजह से एक भी सिपाही चौकी में नही है। उनके अलावा तीन होमगार्ड ही चौकी में है, जबकि चौकी क्षेत्र में 49 गाँव आते हैं।