इंजेक्शन लगने के बाद ग्रामीण की मौत
मृतक के भाई ने झोलाछाप के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
पैरों में दर्द होने की शिकायत पर ली थी गांव के डॉक्टर से दवा
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। पैर दर्द से परेशान ग्रामीण की इंजेक्शन लगाने के बाद हालत और बिगड़ गई। परिजन जब तक प्राइवेट अस्पताल ले गए, तब तक उसकी सांसे थम गईं। मृतक के भाई ने गांव के ही झोलाछाप डॉक्टर पर लापरवाही पूर्ण तरीके से इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए सदर पुलिस को तहरीर दी। इस पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मऊ वासक निवासी अनिल कुमार वर्मा ने बताया कि मंगलवार को उसके भाई 35 वर्षीय वेदराम के पैरों में दर्द की शिकायत होने पर गांव के ही झोलाछाप डॉक्टर प्रदीप कुमार से इलाज करवाया। प्रदीप ने भाई के पैर में नस के पास इंजेक्शन लगाकर घर भेज दिया। शाम लगभग तीन बजे अचानक भाई की हालत बिगड़ने लगी। इस पर प्रदीप को बुलवाया लेकिन वह भाई को देखने नहीं आया, इसके बाद वह परिवार के लोगों के साथ भाई को लेकर शहर के एक प्राइवेट अस्पताल में गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। आरोप लगाया कि पुलिस ने अभद्रता पूर्ण व्यवहार किया और थाने से भाग जाने को कहा, जब उन लोगों ने उच्चाधिकारियों से शिकायत किए जाने की बात कही, तब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। सदर की कैंट चौकी पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। कैंट चौकी इंचार्ज नरेशपाल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्रदीप के खिलाफ लापरवाही बरतने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।