दो लाख रुपये मिलने का झांसा देकर भरवाए जा रहे फार्म
पुवायां। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना में दो लाख रुपये दिलाए जाने का झांसा देकर गांवों में भारी संख्या में फार्म भरवाए जा रहे हैं। खुटार, पुवायां, बंडा और सिंधौली क्षेत्र में यह फर्जीवाड़ा हो रहा है। कुछ युवक गांव जाकर जिन लोगों की लड़कियां हैं, उन्हें दो लाख रुपये केंद्र सरकार की ओर से मिलने की बात कहकर फार्म भरवाते हैं और आवेदन स्वीकृत कराने के नाम पर प्रति फार्म पांच सौ रुपये वसूल रहे हैं।
फोटोस्टेट वाले बेच रहे दस रुपये का फार्म
पुवायां। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत लड़की के अभिभावकों को दो लाख रुपये देने की कोई योजना नहीं होने के बाद भी फोटोस्टेट की दुकानों से योजना के फार्म धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। एक पन्ने के फार्म के दस रुपये वसूले जा रहे हैं। साफ है कि कुछ फोटोस्टेट दुकानों के स्वामी भी ठगी के इस धंधे में ठगों का साथ दे रहे हैं।
दुकानों पर मिल रहे फार्म पर लिखा है कि प्रधानमंत्री योजना ग्रामसभा और शहर सभी जगह के लिए है। योजना का लाभ उठाने के लिए आयु आठ से 32 वर्ष लिखी गई है। इसके बाद आवेदक का विवरण और बीच का हिस्सा ग्राम प्रधान की ओर से नाम, पता प्रमाणित कराने के लिए लिखा है। फार्म के निचले हिस्से में बताया गया है कि प्रधानमंत्री ने इस योजना की शुरुआत की है। 200 करोड़ की शुरुआती राशि के साथ योजना को देश के 120 जिलों में शुरू किया गया है। इस योजना के तहत सभी बेटियों को दो लाख रुपये दिए जाएंगे। फार्म भेजने का पता %भारत सरकार रक्षा मंत्रालय एवं बाल विकास मंत्रालय शास्त्री भवन नई दिल्ली लिखा हुआ है।
बैंक खातों में जमा रकम को भी खतरा
पुवायां। ठगी करने वाले आवेदन पर लड़की के पिता मां का नाम बैंक खाता संख्या, आधार कार्ड नंबर, आईएफसी कोड, मोबाइल नंबर भी भरवा रहे हैं। बैंक खाते और आधार नंबर आदि की पूरी जानकारी भरे जाने से इसके गलत हाथों में पड़ने और इससे आवेदन करने वालों के बैंक खातों में जमा रकम को भी खतरा हो सकता है।
डाकघर में उमड़ रही भीड़
पुवायां। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत दो लाख रुपये लेने के लिए आवेदन फार्म भरकर डाकघर में जमा करने वालों की भारी भीड़ हो रही है। बुधवार को भी डाकघर में आवेदन फार्म की रजिस्ट्री करने वालों की भारी भीड़ रही। डाकघर के एक कर्मचारी ने बताया कि अब तक पांच हजार से अधिक लोग फार्म भेज चुके हैं और रोजाना भारी भीड़ जुट रही है।
इस तरह की किसी योजना की जानकारी नहीं है। यदि आवेदन भराए जा रहे और बेचे जा रहे हैं तो मामले की जांच कराई जाएगी।
मोइनुल इस्लाम एसडीएम पुवायां