बंडा(शाहजहांपुर)। क्षेत्र के एक गांव की महिला ने गांव के ही एक व्यक्ति पर जबरन घर में घुसकर बलात्कार करने का प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी से बचाव के दौरान महिला को चोट भी आई है।
महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका पति दूसरे प्रांत में मजदूरी करने गया है। रविवार दिन में एक बजे गांव का ही एक युवक उसके घर के अंदर घुस आया और उसे दबोचकर बलात्कार करने का प्रयास करने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने उसको पीट दिया, जिससे वह घायल हो गई। महिला ने आरोपी की उंगली में काट लिया। शोर मचाया तो गांव के तमाम लोग मौके पर जमा हो गए। इसके बाद आरोपी कहीं भी शिकायत करने पर जान से मार देने की धमकी देता हुआ चला गया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। एसओ राहुल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।