खुटार (शाहजहांपुर)। शनिवार दोपहर बाद सवारियां बैठाने को लेकर मैजिक चालक आपस में भिड़ गए। इस दौरान जमकर लाठी, डंडे चलने से दोनों ओर के छह लोग घायल हो गए। विधायक ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया। इसके बाद पुलिस ने पकड़े गए दो युवकों को छोड़ दिया।
शनिवार दोपहर तिकुनिया चौराहे पर सवारियों को अपने-अपने वाहन में बैठाने का प्रयास कर रहे दो मैजिक चालक आपस में गाली गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर अन्य चालक भी मौके पर आ पहुंच गए। इस बीच दोनों ओर से डंडे चलने लगे, इससे तिकुनियां चौराहे पर भगदड़ मच गई। मारपीट में दोनों ओर से छह लोग घायल हो गए। मारपीट की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तो झगड़ा कर रहे चालक, हेल्पर मौके से भाग निकले। पुलिस ने दो चालकों को दौड़ाकर पकड़ लिया और उन्हें थाने ले गई।
इस बीच विधायक चेतराम थाने के सामने से निकले तो भीड़ देखकर रुक गए। लोगों ने बताया कि मारपीट हो गई थी, लेकिन अब दोनों पक्ष राजीनामा चाहते हैं, लेकिन पुलिस नहीं मान रही है। इस पर विधायक थाने पहुंचे और पुलिस को फटकार लगाते हुए दोनों पक्षों में राजीनामा करा दिया। बतातें चलें कि मैजिक चालकों के बीच कई बार मारपीट हो चुकी है। यदि इस पर पुलिस ने अंकुश नहीं लगाया तो कभी भी बड़ी घटना घट सकती है।