फोटो-24,इस्लाम गैंग के चोरों के बारे में जानकारी देते एसपी।
पुवायां में दो चोर गिरोह के सात सदस्य गिरफतार
लाखों के जेवर और 70 हजार रुपये बरामद
पुवायां नगर में मचा रखा था आतंक, धड़ाधड़ दे रहे थे चोरियों को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
पुवायां (शाहजहांपुर)। पुवायां में लगातार चोरियों को अंजाम दे रहे चोरों के दो गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। पुवायां पुलिस ने स्वॉट टीम, एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से दो चोर गिरोह के सात सदस्यों को पकड़कर 70 हजार रुपये की नकदी और काफी जेवर बरामद किया है। दो चोर भाग निकले है। एसपी ने पुवायां में प्रेस वार्ता कर पुलिस टीम की सराहना करते हुए दस हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है। एसपी ने बताया कि दोनों गिरोह के चोरों के खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी।
गुडवर्क एक: 22 हजार की नकदी सहित दबोचे तीन चोर
पुवायां। पुलिस ने सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर जनपद फर्रुखाबाद के थाना जहानगंज के गांव पतोंजा निवासी इस्लाम, बरेली के थाना फरीदपुर के मोहल्ला फरदान के मोज्जम और पुवायां के गांव नाहिल निवासी नीरज शुक्ला को दबोच लिया। जबकि पीलीभीत के थाना जहानाबाद के गांव बिलाईखेड़ा का महरू भाग निकला। चोरों के पास से 22 हजार रुपये, सोने के झाले, अंगूठी, चांदी का कमरबंद, पायजेबरी, दो जोड़ी पायल, दो अंगूठी और दो जोड़ी बिछुए बरामद किए गए हैं। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह, एसआई आशुतोष रघुवंशी आदि शामिल रहे।
गुडवर्क दो: चार चोर पकड़े, बरामद हुए 48 हजार और जेवर
पुवायां। सूचना पर कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह, एसआई मेघराज सिंह, स्वॉट टीम ने पीलीभीत के थाना बीसलपुर के गांव खांडेपुर के रंजीत उर्फ नन्हे लाल और उसके बड़े भाई रविंद्र, पुवायां के गांव नहिलोरा बुजुर्ग के अरविंद कुमार, कलंदरगंज निवासी गोपेश कुमार को दबोच लिया, जबकि पीलीभीत के बिलईखेड़ा निवासी एहसान भाग निकलने में सफल रहा। चोरों ने पूछताछ में सात चोरियों में हाथ होना कबूल किया है। चोरों के पास से 48 हजार छह सौ रुपये, चांदी की नथ, दो जोड़ी पायल, एक गिलास, एक कटोरी, एक चम्मच, सोने की दो अंगूठी, झाले, मंगलसूत्र, कुंडल, नाक की तीन लौंग, एक ओम बरामद किया गया है। पुवायां कोतवाली में हुई प्रेस कांफ्रेंस में एसपी डॉ. एस चिन्नप्पा ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए दस हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।
इन चोरियों का हुआ खुलासा
इस्लाम गिरोह ने पुवायां कसबे में सराफा व्यापारी भरत बाथम की दुकान तोड़कर अलमारी से जेवर चोरी करने, शास्त्रीनगर के अधिवक्ता सुनील कुमार, गांव रघुनाथपुर के ओमकार और कसभरा मिशन के रामपाल के घर चोरी करना कबूल किया है। दूसरे रंजीत गिरोह ने गांव टकेली के विजय बहादुर, पुवायां के शास्त्रीनगर के रामकृष्ण वर्मा, कसभरा तकिया के हरदेश मिश्रा, बैंक ऑफ बड़ौदा रोड के रामकुमार सक्सेना, एसबीआई की गंगसरा शाखा बैंक प्रबंधक रामरतन, बड़ागांव के सूर्यप्रकाश श्रीवास्तव और शास्त्रीनगर के ज्ञानप्रकाश पांडे के घर चोरी करना कबूल किया है।
चोरी की रकम से अय्याशी करता था रंजीत
पुवायां। चोर गिरोह का सरगना बीसलपुर का रंजीत उर्फ नन्हें चोरी की रकम से अय्याशी कर रहा था। रंजीत तीन माह पूर्व पुवायां आया और किराये का कमरा लेकर रहने लगा। उसने पुवायां में ही अपने कई साथी बना लिए थे। वह सुबह होते ही शराब पी लेता था और सो जाता था। शाम को नगर में घूम कर बंद मकानों की रेकी करता। रंजीत जानता था कि पुलिस रात में 12 बजे से सुबह चार बजे तक गश्त करती है, इस कारण वह गिरोह के लोगों के साथ रात 10 बजे ही बंद मकान में घुस जाता और चोरी कर गश्त शुरू होने से पहले ही खिसक लेता। रंजीत ने पुलिस को पुवायां में तीन और शाहजहांपुर में एक प्रेमिका के होने की जानकारी दी है।