दो लुटेरे गिरफ्तार, एक चकमा देकर फरार
पकड़े गए लोगों के पास से लूटा गया सामान बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
शाहजहांपुर। शनिवार दोपहर सुभाषनगर तिराहे के पास बीटीसी छात्रा के साथ लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पकड़े गए दोनों संदिग्ध ही लुटेरे निकले। पकड़े गए लुटेरों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटा गया बैग भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने लुटेरों से तमंचा और बाइक भी बरामद की है।
इंस्पेक्टर डीसी शर्मा ने बताया कि लूट की घटना की जानकारी मिलने पर घेराबंदी कर पुलिस के हाथ जो दो संदिग्ध युवक लगे। उनसे जब कड़ाई से पूछताछ की गई तो उन लोगों ने लूट की घटना को स्वीकार कर लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम अर्जुन उर्फ गोलू निवासी आनंदनपुरम कॉलोनी, दूसरे ने अपना नाम अभिषेक उर्फ जिंतू निवासी सिंजई बताया। फरार साथी का नाम सुमित निवासी आनंदपुर कॉलोनी बताया। पुलिस ने झाड़ियों से बरामद बैग को देखा तो उसमें रखे मोबाइल, एक हजार 70 रुपये व शैक्षिक प्रमाणपत्र मिल गए। पुलिस ने पकड़े गए लुटेरों के कब्जे से पुलिस ने बाइक और तमंचा भी बरामद किया है। पकड़े गए लोगों का पुलिस ने चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश किया। जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। फरार सुमित की तलाश की जा रही है। बता दें कि सुभाषनगर तिराहे के पास बाइक सवार तीन लुटेरों ने खुटार के गांव सिल्हुआ निवासी बृजेश की पुत्री सुल्लो से रुपयों भरा बैग छीन लिया था और भाग निकले थे।