आग को बुझाते दमकलकर्मी और गांव के लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मगहर। फोरलेन पर बिहार जा रहे लहसुन लदे ट्रक के पहिए में आग लगी देखकर अफरा तफरी मच गई। लोगों की सूचना पर पहुंची कोतवाली खलीलाबाद पुलिस व डायल 100 टीम ने आम लोगों की मदद से आग बुझाई।
घटना रविवार की रात करीब साढ़े आठ बजे सेमरा बाईपास के नजदीक हुई। रविवार को लहसुन से भरा ट्रक लखनऊ से बिहार जा रहा था। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के बंगला ताल के पास चलती ट्रक के टायर में आग लग गई।
जैसे ही ट्रक मगहर पुलिस चौकी के निकट सेमरा बाईपास के पास पहुंची तो टायर जलता देख लोगों ने शोर मचाया। ट्रक चालक ने गाड़ी रोक दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई। चौकी इंचार्ज चतुर्भुज पांडेय ने बताया कि चलती ट्रक के पिछले टायर में आग लगी थी। लोगों के प्रयास से आग पर काबू पाया गया।